Chandra Grahan 2022: साल का आखिरी चंद्र ग्रहण कल, जानें भारत में कहां-कहां दिखेगा चंद्र ग्रहण, क्या है समय

By हर्ष वर्धन मिश्रा | Published: November 7, 2022 02:55 PM2022-11-07T14:55:36+5:302022-11-07T14:58:29+5:30

Next

सूर्य ग्रहण के बाद अब साल का आखिरी चंद्र ग्रहण लगने वाला है। कार्तिक पूर्णिमा यानी मंगलवार 08 नवंबर को पूर्ण चन्द्र ग्रहण होगा।

ग्रहण का प्रारम्भ दोपहर 02:38:05 पर मध्य की स्थिति दोपहर 04:29:1 एवं मोक्ष सांय 06:19:02 पर होगा।

मध्य की स्थिति में चन्द्रमा का 100 प्रतिशत भाग पृथ्वी के छाया क्षेत्र में हो जाएगा। वास्तव में पूर्ण चन्द्रग्रहण की स्थिति में चन्द्रमा पृथ्वी के छाया क्षेत्र में होने के कारण मध्यम लाल वर्ण का हो जाता है। ग्रहण की अवधि 04 घण्टे 19 मिनट तक रहेगी।

शासकीय जीवाजी वेधशाला अधीक्षक डॉ राजेन्द्र प्रसाद गुप्त के अनुसार ग्रहण उत्तरी एवं दक्षिणी अमेरिका, आस्ट्रेलिया, एशिया, उत्तरी प्रशांत महासागर, हिन्द महासागर में दृश्य होगा।

भारत के पूर्वी भाग (कोलकाता, कोहिमा, पटना, पुरी, रांची, इम्फाल आदि) में चन्द्रोदय पूर्णता समय सायं 5:12 बजे से पूर्व होने कारण पूर्ण चन्द्रग्रहण देखा जा सकेगा।

भोपाल में चन्द्रोदय सांय 05:36 पर होने के कारण सायं 6:19 बजे तक केवल 43 मिनट ही आंशिक चन्द्रग्रहण दृश्य होगा। उज्जैन में चन्द्रोदय सांय 05:43 पर होने के कारण सायं 6:19 बजे तक केवल 36 मिनट ही आंशिक चन्द्रग्रहण दृश्य होगा ।